Random Posts

Hadees in Hindi - हिंदी में हदीस की बातें 1.1

  • गुनाह और जुल्म व ज्यादती की बातें न करो

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है :

“ऐ ईमान वालो! जब तुम आपस में खुफिया बातें करो, तो गुनाह और जुल्म व ज्यादती और रसुल की नाफ़रमानी की बातें न किया करो, बलके भलाई और परहेजगारी की बातें किया करो और अल्लाह से डरते रहो, जिसके पास तुम सब जमा किये जाओगे।”

  • वालिदैन की नाफरमानी और जुल्म करने का गुनाह

रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फ़रमाया :

“तुम जुल्म व सितम करने से बचो ! क्योंकि जुल्म व सितम की सज़ा दूसरी सजाओं के मकाबले में सबसे जल्दी मिलती है और वालिदैन की नाफर्मानी से बचो! अल्लाह की। कसम वालिदैन का नाफ़र्मान जन्नत की खुश्बू भी नहीं पाएगा। जब के जन्नत की खुश्बू एक हजार साल की दूरी से महसूस होती है।”

  • मस्जिद में दुनिया की बातें करने का गुनाह

रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फर्माया:

“एक जमाना ऐसा आएगा के लोग मस्जिद में हलके लगाकर दुनियावी बातें करेंगे, तुमको चाहिये के उन लोगों के पास बिल्कुल न बैठो, अल्लाह को उन लोगों से कोई वास्ता नहीं।”

  • कुरआन सुनने से रोकने का गुनाह

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है:

“यह काफिर लोग (एक दूसरे से) कहते हैं के इस कुरआन को मत सुना करो और उस के दौरान शोर मचाया करो, उम्मीद है के इस तरह तुम ग़ालिब आ जाओगे। उन काफिरों को हम सख्त अज़ाब का मज़ा चखाएँगे और यकीनन हम उनको बुरे आमाल का बदला देंगे, जो वह किया करते थे।”

  • अल्लाह तआला ने ज़ुल्म को हराम कर दिया है

रसूलुल्लाह (ﷺ) हदीसे कुदसी बयान करते हुए फर्माते हैं के अल्लाह तआला फर्माता है :

“ऐ मेरे बन्दो! मैंने अपने ऊपर जुल्म को हराम कर दिया है और उस को तुम्हारे दर्मियान भी हराम कर दिया है, लिहाजा तुम एक दूसरे पर जुल्म मत किया करो।”

  • कुरआन का मजाक उड़ाने का गुनाह

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है:

“जब इन्सान के सामने हमारी आयतें पढ़ी जाती हैं, तो कहता है के यह पहले लोगों के किस्से कहानियां हैं। हरगिज़ नहीं! बल्के उन के बुरे कामों के सबब उन के दिलों पर जंग लग गया है।”

  • इंसाफ करने की फ़ज़ीलत

रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फ़र्माया :

“थोड़ी देर का इन्साफ साठ साल की शब बेदारी और रोजा रखने की इबादत से बेहतर है। ऐ अबू हुरैरा ! किसी मामले में थोड़ी सी देर का जुल्म, अल्लाह के नजदीक साठ साल की नाफ़रमानी से जियादा सख्त और बड़ा गुनाह है।”

  • यतीमों का माल खाने का गुनाह Yateem ke Maal ke Hifazat ki Ahmiyat

कुरआन में अल्लाह तआला फर्माता है :

“यतीमों के माल उन को देते रहा करो और पाक माल को नापाक माल से न बदलो और उन का माल अपने मालों के साथ मिला कर मत खाओ ऐसा करना यकीनन बहुत बड़ा गुनाह है।”

  • ज़ुल्म से बचो Quran wa Hadees Sunnat ki Nasihat

रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फ़रमाया :

“ज़ुल्म से बचो क्योंकि ज़ुल्म कयामत के दिन बेशुमार तारीकियों की शक़्ल इख़्तियार कर लेगा और बुख़्ल से भी बचो कि कन्जूसी ने उन लोगों को हलाक़ किया जो तुम से पहले थे। बुख्ल ने उन्हें एक दूसरे का खून बहाने पर उभारा और बुख्ल ही की वजह से वह हराम चीज़ों को हलाल समझने लगे।”

  • दुनिया का सामान चंद रोज़ा हैं Don’t sell your Deen for a Piece of this Dunia.

कुरआन में अल्लाह तआला फर्माता है :

“दुनिया का सामान कुछ ही दिन रहने वाला है और उस शख्स के लिये आखिरत हर तरह से बेहतर है, जो अल्लाह तआला से डरता हो और (कयामत) में तुम पर ज़र्रा बराबर भी जुल्म न किया जाएगा।”

  • हर एक को नाम-ए-आमाल के साथ बुलाया जाएगा

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है:

“वह दिन याद करने के काबिल है, जिस दिन तमाम आदमियों को उनके नाम-ए-आमाल के साथ मैदाने हश्र में बुलाएंगे, फिर जिनका नाम-ए-आमाल उन के दाहिने हाथ में दिया जाएगा, तो वह (खुश हो कर) अपने नाम-ए-आमाल को पढ़ने लगेंगे उन पर एक धागे के बराबर भी जुल्म नहीं किया जाएगा।”

  • इस्लाम की दावत को ठुकराना एक बड़ा जुल्म

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है:

“उस शख्स से बड़ा ज़ालिम कौन होगा, जो अल्लाह पर झूट बाँधे, जब के उसे इस्लाम की दावत दी जा रही हो और अल्लाह ऐसे जालिमों को हिदायत नहीं दिया करता।”

  • रसूल (ﷺ) के हुक्म को न मानने का गुनाह

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है:

“जो लोग रसूलुल्लाह (ﷺ) के हुक्म की खिलाफ वरजी करते हैं, उनको इस से डरना चाहिये के कोई आफत उन पर आ पड़े या कोई दर्दनाक अज़ाब उन पर आ जाए।”

  • मुजिजात को न मानने का गुनाह

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है :

“जब उन के रसूल उन के पास खुली हुई दलीलें ले कर आए, तो वह लोग अपने उस दुनियावी इल्म पर नाज़ करते रहे, जो उन्हें हासिल था, आखिरकार उनपर वह अज़ाब आ पड़ा जिस का वह मज़ाक़ उड़ाया करते थे।”

हिलफुल फुजूल
अरब में जुल्म व सितम और चोरी व डाका जनी आम थी, लोगों के हुक़ूक़ पामाल किये जाते कमजोरों का हक़ दबाया जाता था। इस जुर्म में अवाम व खवास सभी मुब्तला थे। इसी तरह का एक मामला मक्का मुकर्रमा में भी पेश आया के एक सरदार ने बाहर के एक ताजिर से सामान खरीदा और पूरी कीमत नहीं दी। इसके बाद मक्का के चंद नेक लोगों ने अब्दुल्लाह बिन जुदआन के मकान पर जमा हो कर जुल्म का मुकाबला करने और मजलूम की मदद करने का मुआहदा किया। इस में रसूलल्लाह (ﷺ) भी शरीक थे और उस वक्त कम उम्र थे। उन लोगों ने इस मुआहिदे का नाम “हिलफुल फुजूल” रखा था। आप जब जवान हए, तो आपने दोबारा कबीले के बा हैसियत लोगों के सामने मुल्क की बद अमनी, मुसाफिरों और कमजोरों पर होने वाले जुल्म व सितम का हाल बयान कर के उन को इस्लाह पर आमादा किया, बिलआखिर एक अंजुमन कायम हो गई और बनू हाशिम, बनू अब्दिल मुत्तलिब, बनू सअद, बनू ज़ोहरा और बनू तमीम के लोग इसमें शामिल हुए और हर मिम्बर ने मुल्क की बद अमनी दूर करने, मुसाफिरों की हिफाज़त और ग़रीबों की मदद करने और ज़ालिमों को जुल्म से रोकने का अहद किया। इस मुआहदे से अल्लाह तआला की मख्लूक को बहुत फायदा हुआ।

हुजूर (ﷺ) नुबुव्वत के जमाने में भी फ़रमाया करते थे के अगर आज भी कोई इस मुआहदे के नाम से मुझे बुलाए और मदद तलब करे तो जरूर उस की मदद करूँगा।

  • कुरआन को गौर से सुनना

कुरआन में अल्लाह तआला फर्माता है:

“जब कुरआन पढ़ा जाए, तो इसको पूरी तवज्जोह और गोर से सूना करो और खामोश रहा करो; ताकि तूम पर रहम किया जाए।”

अल्लाह तआला अद्ल व इंसाफ का हुक्म देता है

कुरआन में अल्लाह तआला फ़र्माता है:

“अल्लाह तआला अद्ल व इन्साफ और अच्छा सुलूक करने का और रिश्तेदारों को माली मदद करने का हुक्म देता है और बेहयाई, ना पसन्द कामों और जुल्म व ज़ियादती से मना करता है, वह तुम्हें ऐसी बातों की नसीहत करता है, ताके तुम (उनको) याद रखो।”

  • गुमराही इख्तियार करने का गुनाह

कुरआन में अल्लाह तआला फरमाता है :

“जो लोग अल्लाह तआला के रास्ते से भटकते हैं, उनके लिये सख्त अज़ाब है, इस लिये के वह हिसाब के दिन को भूले हुए हैं।”

  • मोहताजगी व जिल्लत से पनाह माँगना

रसूलुल्लाह (ﷺ)  ने फ़रमाया : फक्र व मोहताजगी और जिल्लत से इस तरह पनाह माँगा करो :

तर्जुमा : हम अल्लाह की पनाह चाहते हैं, फक्र व फाका और जिल्लत से और इससे के हम किसी पर जुल्म करें, या हम पर कोई जुल्म करे।

  • गैरुल्लाह को माबूद बनाने का गुनाह

कुरआन में अल्लाह तआला फरमाता है:

“उन लोगों ने अल्लाह तआला को छोड़ कर और माबूद बना लिये हैं, इस उम्मीद पर के उन की मदद कर दी जाएगी। वह उन की कुछ मदद कर ही नहीं सकते; बल्के वह उन लोगों के हक़ में फरीके मुखालिफ बन कर हाजिर किये जाएँगे।”

  • बुरी तदबीरें करने का गुनाह

कुरआन में अल्लाह तआला फर्माता है :

“जो लोग बुरी बुरी तदबीरें (बुरी चाल) करते हैं उन को सख्त अज़ाब होगा और उन की सब तदबीरे (प्लानिंग) नाकाम हो जाएँगी।”

  • बीमारी की शिकायत न करना

रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फर्माया :

“अल्लाह तआला फर्माता है के मै जब अपने मोमिन बंदे को (बीमारी में) मुबतला करता हूँ और वह अपनी इयादत करने वालों से मेरी शिकायत नहीं करता, तो मैं उस को अपनी कैद (यानी बीमारी) से नजात दे देता हूँ, और फिर उस के गोश्त को उससे उम्दा गोश्त और उसके खून को उम्दा खून से बदल देता हूँ ताके नए सिरे से अमल करे।”

📕 मुस्तरदक १२९०, अन अबी हुरैरह (र.अ)

खुलासा: अगर कोइ बिमार हो जाए, तो सब्र करना चाहिए, किसी से शिकायत नही करनी चाहिए, उस पर इसे अल्लाह तआला इन्आमात से नवाज़ता हैं।

  • हर महीने के तीन दिन रोजे रखने की फ़ज़ीलत

रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फर्माया :

“हर महीने तीन दिन के रोजे रखना उम्र भर रोजा रखने जैसा है।“

📕 नसाई : २४१०, अन अबी हुरैरह (र.अ)

  • जन्नत का मुस्तहिक एक अहेम अमल की फजीलत | Ek Aham amal ki Fazilat

रसूलुल्लाह (ﷺ) ने फर्माया :

“जो आदमी इस हाल में मर जाए के वह तकब्बुर, खयानत और कर्ज से बरी हो, तो जन्नत में दाखिल होगा।”

📕 तिर्मिज़ी : १५७२

Post a Comment

0 Comments